Hazaribagh: हजारीबाग में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। केदारनाथ की पवित्र तीर्थ यात्रा पर निकले शहर के ओकनी निवासी विक्की सोनी की अपराधियों ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के पास की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
बाबा के दर पर माथा टेकने निकला था युवक, रास्ते में ही मिली मौत
मिली जानकारी के मुताबिक, विक्की सोनी अपने एक दोस्त के साथ केदारनाथ यात्रा के लिए घर से निकले थे। उनके दोस्त ने बताया कि वह विक्की को कोडरमा रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। इसी बीच करसो पुल के समीप उनकी कार अचानक पंचर हो गई।
जब वे दोनों कार का टायर बदलने के लिए रुके, तभी बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। अपराधियों ने बिना सोचे-समझे सीधे विक्की की गर्दन में गोली मार दी। गोली लगते ही विक्की ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
इस खौफनाक वारदात के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बरही भेज दिया है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस हत्या के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









