रांची: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) में भोजन करने के बाद 20 लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई. प्रभावितों में 18 अटेंडेंट और 2 मरीज शामिल हैं. घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सभी प्रभावितों का तत्काल उपचार शुरू किया गया. फिलहाल सभी की हालत स्थिर और सामान्य बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, भोजन करने के कुछ समय बाद कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. स्थिति की सूचना मिलते ही रिम्स प्रबंधन सक्रिय हुआ और प्रभावितों को आवश्यक दवाएं, इंजेक्शन तथा चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया. समय पर इलाज मिलने से सभी की स्थिति नियंत्रण में है.
भोजन की गुणवत्ता की जांच शुरू
घटना को गंभीरता से लेते हुए रिम्स प्रशासन ने किचन मॉनिटरिंग कमेटी को तत्काल सक्रिय कर दिया है. कमेटी को अस्पताल में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, वितरण प्रक्रिया और स्वच्छता मानकों की विस्तृत जांच का जिम्मा सौंपा गया है.
इसके साथ ही प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन (PSM), मेडिसिन और माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम भी पूरे मामले की पड़ताल में जुट गई है. विशेषज्ञ यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि भोजन में किसी प्रकार की गड़बड़ी या संक्रमण तो नहीं था.
लापरवाही मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
रिम्स प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी कर्मचारी, संविदाकर्मी या भोजन आपूर्ति से जुड़ी एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









