Jharkhand News: झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राजधानी रांची स्थित नेपाल हाउस के विभागीय कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. मंत्री के अचानक पहुंचने की सूचना से कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला.
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विभाग के सभी कोषांगों (सेक्शन) का बारीकी से जायज़ा लिया. इस दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए, जबकि कुछ कर्मी सूचना मिलते ही दौड़ते-भागते दफ्तर पहुंचे.
अनुपस्थित कर्मियों को मिलेगा नोटिस
मंत्री ने स्पष्ट किया कि बायोमैट्रिक उपस्थिति सिस्टम से अनुपस्थित कर्मियों की सूची तैयार की जा रही है और तय समय के बाद पहुंचे अधिकारियों को भी चिन्हित किया गया है. उन्होंने कहा कि इन सभी अनुपस्थित पदाधिकारियों और कर्मचारियों को जल्द ही शो-कॉज नोटिस जारी किया जाएगा.
कामकाज का लिया अपडेट
निरीक्षण के दौरान मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं, प्रगति रिपोर्ट और कार्यशैली को लेकर भी जानकारी ली. कुछ पदाधिकारी अपने सहयोगियों के बहाने बनाते नजर आए, लेकिन मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी को जवाबदेही के दायरे में लाने का निर्देश दिया.
“समय पर उपस्थिति से ही सुधरेगी कार्यसंस्कृति”
मंत्री ने कहा, “कार्यालय में समय पर उपस्थिति अनिवार्य है. समय की पाबंदी और अनुशासन ही बेहतर कार्यसंस्कृति की नींव है. जब कार्यसंस्कृति मजबूत होगी, तभी विकास योजनाओं में गति आएगी.” उन्होंने संकेत दिया कि कार्यस्थल पर लापरवाही और अनुशासनहीनता को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
read more- बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर सीधा आरोप– ‘युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है सरकार’













