Jharkhand News: झारखंड में रविवार को मुहर्रम का पर्व श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया. राज्य भर में ताज़िया और अखाड़ा जुलूस निकाले गए, लेकिन कई जिलों में यह जुलूस तनाव और हिंसा की घटनाओं से प्रभावित रहा. पलामू, हजारीबाग और साहिबगंज से टकराव की खबरें सामने आई हैं, हालांकि प्रशासन ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया.
पलामू: पाटन में दो पक्षों के बीच पथराव और तलवार से हमला
पलामू जिले के पाटन प्रखंड में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. पुलिस और प्रशासन ने जब स्थिति को संभालने की कोशिश की, तो एक पक्ष ने पत्थरबाज़ी शुरू कर दी.
इस दौरान गौतम कुमार सिंह और प्रवीण सिंह नामक दो भाइयों पर तलवार से हमला कर दिया गया. दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. देर रात तक पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया और इलाके में कड़ी निगरानी की जा रही है.
read more- पहाड़ी मंदिर संकट में! सोमवार और मंगलवार रहेगा बंद, जानिए वजह
हजारीबाग: बेलतु गांव में जुलूस रोका गया, झंडा विवाद बना कारण
हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतु गांव में मुहर्रम जुलूस के दौरान रुकावट और हंगामा हुआ. जुलूस शाम 5 बजे रानी तालाब कर्बला की ओर निकला था, लेकिन बेलतु गांव में इसे रोक दिया गया. मामला झंडा लगाने को लेकर पहले से चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. एक पक्ष ने मांग की कि जब तक बाजारटांड़ में लगे झंडे नहीं हटाए जाएंगे, तब तक जुलूस को आगे नहीं जाने दिया जाएगा.
प्रशासनिक कार्रवाई
सदर SDO बैद्यनाथ कामती, बड़कागांव SDPO पवन कुमार, CO और BDO मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. स्थिति फिलहाल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है.
साहिबगंज: तालझारी में पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव, NH-80 जाम
साहिबगंज के तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर मोतीझरना में अखाड़ा जुलूस के दौरान स्थिति बिगड़ गई. जुलूस के दौरान थाना प्रभारी नितेश पांडे और अखाड़ा कमेटी के सदस्यों के बीच बहस हो गई. ग्रामीणों ने थाना प्रभारी पर महिलाओं और बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया. इसके विरोध में ग्रामीणों ने NH-80 पर जाम लगा दिया और थाना प्रभारी को हटाने की मांग करने लगे.
read more- झारखंड में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की चेतावनी, अगले 24 घंटे सतर्क रहने की जरूरत
प्रशासनिक कार्रवाई
मौके पर डीएसपी रूपक कुमार पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम हटवाया गया. मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है.
स्थिति फिलहाल नियंत्रण में, पर निगरानी जारी
झारखंड के इन तीन जिलों में मुहर्रम के दौरान जो घटनाएं सामने आईं, वे धार्मिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती थीं, लेकिन प्रशासनिक तत्परता और संवाद के जरिए हालात बिगड़ने से बचा लिए गए.
राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ने सभी ज़िलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है, और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.












