Jharkhand News– पलामू जिले में बीते 18-19 घंटों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. हालात की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त सह जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की अध्यक्ष समीरा एस ने बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की. इस बैठक में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति और आवश्यक कदमों पर विस्तृत चर्चा की गई.
17 जुलाई को सभी स्कूल बंद
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के मद्देनज़र 17 जुलाई को सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे. साथ ही, सभी बीडीओ और सीओ को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखें और नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को ज़रूरत पड़ने पर चिह्नित सुरक्षित स्थानों पर शरण दें.
शहरी जलजमाव को लेकर निर्देश
शहर में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए उपायुक्त ने सहायक नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि मोटर पंप के ज़रिए पानी की निकासी की व्यवस्था की जाए. इसके लिए एक विशेष टीम गठित करने को भी कहा गया है. पेड़ गिरने या अन्य आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
read more- रांची को जल्द मिलेगा एशिया के सबसे बड़े अस्पताल का तोहफा, देखिए ऐसा होगा रिम्स-2
स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश
सिविल सर्जन को बारिश के मौसम में फैलने वाली बीमारियों, खासकर डेंगू और चिकनगुनिया से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा सांप काटने और जलजनित रोगों के मामलों में जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया है. ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़-फूंक जैसी अंधविश्वासी प्रवृत्तियों को रोकने के लिए जनसंपर्क विभाग और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से सघन जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा.
आपदा से प्रभावितों को सहायता राशि
वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत विभिन्न आपदाओं में प्रभावित परिवारों को सहायता राशि स्वीकृत की गई है. इसमें शामिल हैं:
- वज्रपात से मृत 9 व्यक्तियों के आश्रितों को ₹36 लाख
- वज्रपात से मृत 2 पशुओं के लिए ₹69,500
- नदी में डूबकर मृत 6 व्यक्तियों के परिजनों को ₹24 लाख
- सर्पदंश से मृत 6 लोगों के आश्रितों को ₹24 लाख
- सड़क हादसों में मृत 41 व्यक्तियों के परिजनों को ₹41 लाख
सभी सहायता राशियों को संबंधित अंचल अधिकारियों को घटनोत्तर स्वीकृति प्रदान की गई है.
नदी के पास जाने पर रोक, पुलिस बल तैनात
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि भारी बारिश के मद्देनज़र नदी किनारे जाने पर सख्त रोक लगाई गई है. इसके लिए घोषणाएं करवाई जा रही हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके.
read more- क्या सच में बीन की धुन पर नाचते हैं सांप? जानिए इस रहस्य के पीछे की सच्चाई












