Ranchi News– रांची जिले के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के टांगर बस्ती में स्थित एक जर्जर स्कूल भवन शुक्रवार को अचानक ढह गया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए. प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए पीड़ितों को मदद पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
बंद किया जा चुका था स्कूल, 2018 से था निष्क्रिय
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विद्यालय वर्ष 2018 में राज्य सरकार की स्कूल मर्जर नीति के तहत बंद कर दिया गया था. स्कूल के सभी छात्रों को पास के दूसरे विद्यालयों में स्थानांतरित कर दिया गया था. तब से यह भवन निष्क्रिय था और सभी कक्षाओं में ताले लगे हुए थे.
उपायुक्त ने दिए मुआवजा भुगतान के निर्देश
रांची के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने इस दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने का निर्देश अंचल अधिकारी को दिया है.
अब पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा भवन
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह भवन पूर्व में ही उपयोग के लिए अनुपयुक्त घोषित किया जा चुका था. अब इसे पूरी तरह ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की कोई दुर्घटना न हो.
read more- चाकुलिया रेल हादसा: झाड़ग्राम के पास ट्रेन की चपेट में आकर तीन हाथियों की दर्दनाक मौत
लोगों से अपील: भवन में प्रवेश न करें
प्रशासन ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे सुरक्षा की दृष्टि से विद्यालय परिसर में प्रवेश न करें. भवन की स्थिति पूरी तरह असुरक्षित है और इसमें किसी भी प्रकार की गतिविधि करना जोखिमपूर्ण हो सकता है.













