Ranchi News– इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, रांची की कार्यकारिणी समिति की बैठक आज मोरहाबादी स्थित रेड क्रॉस सभागार में उपायुक्त-सह-अध्यक्ष मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में ब्लड डोनेशन को बढ़ावा देने, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं बढ़ाने और भवन मरम्मत जैसे कई अहम विषयों पर चर्चा की गई।
ब्लड डोनेशन पर खास ज़ोर
बैठक में तय किया गया कि ब्लड डोनेशन को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने और समय पर जरूरतमंदों तक ब्लड की आपूर्ति पर खास ध्यान देने की बात कही गई।
मेडिकल उपकरण और भवन मरम्मत का प्रस्ताव
सोसायटी में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों को उपलब्ध कराने और ब्लड कंपोनेंट मशीन की ज़रूरत को देखते हुए प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके साथ ही, DMFT फंड से रेड क्रॉस भवन की मरम्मत के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
read more: अब नहीं मिलेगा ₹2500 हर महीने! मंईयां योजना से हटेंगी 17 हजार महिलाएं
दिव्यांगजनों की मदद के लिए नई टीम
बैठक में निर्णय लिया गया कि दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और अन्य आवश्यक उपकरण मुहैया कराने के लिए एक टीम का गठन किया जाएगा।
सभागार का बेहतर उपयोग
रेड क्रॉस सभागार को बैठकों के लिए अधिक उपयोगी बनाने के लिए निर्णय लिया गया कि 10-15 हजार रुपये प्रतिदिन के भुगतान पर इसका उपयोग किया जा सकेगा।
व्यापारियों और समाजसेवियों से सहयोग की अपील
कार्यकारिणी समिति ने रांची के सक्षम व्यापारियों और समाजसेवियों से अपील की कि वे रेड क्रॉस की सेवाओं को और बेहतर बनाने में सहयोग करें।
उपायुक्त ने किया सोसायटी का निरीक्षण
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने रेड क्रॉस सोसायटी का निरीक्षण करते हुए रक्त संग्रहण, वितरण, प्राथमिक उपचार और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया और सभी सेवाओं में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।
read more: झारखंड को जापानी निवेश से मिलेगा बूस्ट! JICA, JETRO और NEC से हुई अहम मुलाकातें
जल्द होगी अगली बैठक
अगली बैठक में ऐसे संगठनों को बुलाया जाएगा जो मेडिकल क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, ताकि रेड क्रॉस के साथ सहयोग और समन्वय और बेहतर किया जा सके।
इस बैठक में रेड क्रॉस पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।













