Jharkhand Weather News: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर अब पूरे राज्य पर दिखने लगा है. आने वाले चार से पांच दिनों तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से बना ट्रफ झारखंड से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई से गुजर रहा है, जिसका असर आने वाले दिनों में पूरे राज्यभर में देखने को मिलेगा. इसके चलते तेज हवाएं चलने, आंधी आने और बिजली गिरने की घटनाओं में बढ़ोतरी हो सकती है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
24 घंटे में मांडर में रिकॉर्ड 140 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है. रांची जिले के मांडर क्षेत्र में सबसे अधिक 140 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, हजारीबाग में 50 मिमी और अन्य जिलों में 30 से 40 मिमी तक बारिश हुई है.
राज्य के सभी जिलों में बरसेंगे बादल
पूर्वी सिंहभूम, साहिबगंज, पलामू, रांची, गुमला और लोहरदगा सहित राज्य के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि, बीच-बीच में धूप भी निकल सकती है, लेकिन मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है.
एहतियात बरतने की अपील
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और जरूरी न होने पर बाहर निकलने से बचने की अपील की है. विशेषकर खेतों में काम करने वाले किसान, खुले मैदानों में रहने वाले लोग और बच्चे सतर्क रहें, ताकि आंधी और वज्रपात से बचा जा सके.













