रांची: इस वर्ष विश्व आदिवासी दिवस झारखंड में नई भव्यता और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। राज्य सरकार ने 7 से 9 अगस्त तक राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान या प्रभात तारा मैदान में विशाल स्तर पर आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है। इस उत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए बॉलीवुड और झारखंडी कलाकारों का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा। आयोजन की कमान इस बार आदिवासी कल्याण विभाग की बजाय सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को सौंपी गई है, जो पूरे आयोजन को एक नई पहचान देने की तैयारी में जुटा है।
read more: झारखंड में धानरोपनी बना फोटोशूट का मंच, अधिकारी और नेता असली मुद्दों से बेखबर
क्या होगा खास?
रात के आसमान में लाइट्स की कोरियोग्राफी के साथ आदिवासी नायकों के इतिहास और योगदान को दर्शाया जाएगा। ब्रांड और लोगो एनिमेशन, एरियल म्यूजिकल डिस्प्ले भी दर्शकों को रोमांचित करेगा।
संगीत की धुन पर इको-फ्रेंडली ग्रीन फायरक्रैकर का मनमोहक प्रदर्शन किया जाएगा।
मंच पर शिरकत करेंगे संगीत जगत के दिग्गज — अरिजीत सिंह, श्रेया घोषाल, जुबिन नौटियाल और सुनिधि चौहान। इनके साथ ही झारखंड के लोक कलाकार और रॉक बैंड्स भी अपनी संस्कृति की झलक पेश करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत हाई-टेक लेजर और स्पेशल इफेक्ट्स से की जाएगी, जिसमें आदिवासी सभ्यता को तकनीक के माध्यम से जीवंत किया जाएगा।
राज्य की 32 जनजातियों की परंपरागत वेशभूषा और सांस्कृतिक पहचान को फैशन रैंप पर प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके साथ ही रांची शहर को आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगा जाएगा। आयोजन स्थल को थीम लाइटिंग, होर्डिंग्स और पारंपरिक कलाकृतियों से सजाया जाएगा।
साथ ही मंच संचालन न केवल हिंदी में होगा, बल्कि आदिवासी भाषाओं के एंकर भी पहली बार कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
read more: रीलबाजी करना रिंकू को पड़ा भारी, कहा अब से ‘कायदे में रहूंगा’, देखिए वीडियो
तैयारियों में जुटा है प्रशासन
इस बार का आयोजन पूरी तरह से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की देखरेख में होगा। सभी संबंधित विभागों को सहयोग हेतु पत्र जारी कर दिए गए हैं। इवेंट एजेंसी का चयन 23 जुलाई तक कर लिया जाएगा। कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रस्तुत की जाएगी और अंतिम मुहर उन्हीं की स्वीकृति से लगेगी। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा देगा, बल्कि झारखंड की समृद्ध आदिवासी विरासत को देशभर में गौरव के साथ प्रस्तुत करने का अवसर बनेगा।
read more: Google और Meta को ED का नोटिस, ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में किया तलब













