Jharkhand: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय और कोल इंडिया की सहायक कंपनी बीसीसीएल (Bharat Coking Coal Limited) के लिए गर्व का क्षण है। कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक देव कुमार वर्मा को भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा आयोजित होने वाले “कोयला मंत्री संवाद सत्र – 2025” में भाग लेने के लिए चुना गया है। यह संवाद सत्र 6 अगस्त 2025 को नई दिल्ली स्थित शास्त्री भवन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी स्वयं उपस्थित रहेंगे।
देशभर की सार्वजनिक क्षेत्र की कोयला कंपनियों (CPSEs) में से चयनित शीर्ष 20 अधिकारियों में देव कुमार वर्मा बीसीसीएल से एकमात्र प्रतिनिधि होंगे। उनका चयन न केवल बीसीसीएल, बल्कि संपूर्ण धनबाद कोयला क्षेत्र के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि और सम्मान का विषय है।
ई-शिक्षा में रचा रिकॉर्ड
देव कुमार वर्मा ने ई-शिक्षा एवं क्षमता निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अब तक 1373 प्रशिक्षण मॉड्यूल सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं और 1286.28 घंटे का अध्ययन समय दर्ज किया है। यही अनुशासन, समर्पण और ज्ञान-प्रवृत्ति उनके चयन का प्रमुख आधार बना।
क्या है संवाद सत्र की खासियत
यह संवाद सत्र कोयला मंत्रालय द्वारा शुरू की गई एक पहल है, जिसका उद्देश्य है – सीधे संवाद, नीतिगत सुझावों का आदान-प्रदान और कार्य अनुभव साझा करना। इसमें प्रतिभागी जमीनी अनुभवों के आधार पर सुझाव रख सकेंगे, जिससे कोयला क्षेत्र में नवाचार, पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ावा मिल सके।
देव कुमार वर्मा की प्रतिक्रिया
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री वर्मा ने कहा,
“यह मेरे लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। मेरा प्रयास रहेगा कि मैं धनबाद, बीसीसीएल और अपने सभी कर्मयोगी साथियों का सही प्रतिनिधित्व करते हुए कोयला मंत्रालय के समक्ष सकारात्मक सुझाव एवं व्यावहारिक अनुभव साझा कर सकूं।”
राष्ट्रीय स्तर पर बीसीसीएल की पहचान
देव कुमार वर्मा का यह चयन बीसीसीएल की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती साख और विशेषज्ञता को दर्शाता है। यह आयोजन भारत सरकार द्वारा मानव संसाधन विकास, तकनीकी नवाचार और प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण से एक अहम पहल साबित हो सकता है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








