रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध बालू खनन से अर्जित मानी जा रही संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के भाई और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के बेटे अंकित राज की 3 करोड़ 2 लाख रुपये की संपत्ति अटैच कर दी है। ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि यह संपत्ति दामोदर नदी से गैरकानूनी तरीके से बालू निकालकर बनाई गई थी।
read more: असम्मानजनक आचरण के आरोप में चुटिया थाना प्रभारी निलंबित
पिछले साल ईडी ने अंबा प्रसाद के कई ठिकानों पर की थी छापेमारी
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने पिछले साल मार्च और जुलाई में अंबा प्रसाद के हजारीबाग़ स्थित घर और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसके साथ ही परिवार के खिलाफ दर्ज करीब 16 प्राथमिकी को आधार बनाते हुए ईसीआईआर दर्ज किया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि सोनपुर घाट का खनन पट्टा 2019 में ही खत्म हो गया था, लेकिन इसके बावजूद अंकित राज बालू का अवैध खनन और कारोबार जारी रखे हुए थे।
ईडी का दावा परिवार पर लगे है कई गंभीर आरोप
ईडी ने यह भी दावा किया है कि अंबा प्रसाद के परिवार पर केवल अवैध खनन ही नहीं, बल्कि जबरन वसूली, ज़मीन कब्ज़ा और कोयला कंपनियों से जुड़े विवादों के भी गंभीर आरोप हैं। छापेमारी के दौरान अधिकारियों को अंबा प्रसाद के घर से एक विदेशी लॉकर भी मिला था। बताया जाता है कि शुरू में परिवार ने उसकी चाबी देने से इनकार किया, जिसके बाद ताला खोलने के लिए स्थानीय कारीगर को बुलाया गया। लॉकर खुलने पर कई अहम दस्तावेज़ और जानकारियां बरामद हुईं, जिनसे ईडी की जांच और गहराई तक पहुँच गई। इस कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि एजेंसी परिवार की अन्य संपत्तियों की भी जाँच कर सकती है।













