Jharkhand News: रांची महानगर जिला कांग्रेस कमेटी को नया अध्यक्ष मिलने की प्रक्रिया तेज हो गई है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने जिलाध्यक्ष के चयन के लिए पर्यवेक्षक दल को रांची भेजा है। यह टीम सोमवार को सर्किट हाउस पहुंची और प्रेस को संबोधित किया।
पर्यवेक्षक दल में पूर्व सांसद एवं AICC पर्यवेक्षक विजय इंदर सिंगला, पूर्व मंत्री एवं पीसीसी पर्यवेक्षक बन्ना गुप्ता, अनुपमा सिंह, रविंद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सोनाल शांति, राजेंद्र दास, और मनोज सहाय शामिल थे.
चयन प्रक्रिया
सर्किट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विजय इंदर सिंगला ने बताया कि आगामी एक माह के भीतर नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। चयन के लिए मानदंड निर्धारित किए गए हैं:
- पार्टी के प्रति वफादारी और सक्रिय योगदान
- संगठन में पूर्व की जिम्मेदारियाँ
- चुनावों में भूमिका (लोकसभा/विधानसभा)
- साफ-सुथरी छवि और आपराधिक पृष्ठभूमि न होना
रांची महानगर जिला कांग्रेस का क्षेत्रफल
रांची महानगर कांग्रेस चार विधानसभा क्षेत्रों रांची, हटिया, खिजरी और कांके में फैली हुई है, जिनमें कुल 53 वार्ड शामिल हैं।
कार्यक्रम की रूपरेखा:
- 1 सितम्बर को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों से बैठक
- उसके बाद सभी प्रखंड अध्यक्षों से सामूहिक और व्यक्तिगत चर्चा
- 2 सितम्बर को हटिया और खिजरी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद
इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने साझा की।













