Ranchi: शारदीय नवरात्र की तैयारियों ने राजधानी का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना दिया है। शहरभर में भव्य और आकर्षक दुर्गा पूजा पंडालों का निर्माण जोरों पर है। इस साल रांची में कई थीम-बेस्ड पूजा पंडाल देखने को मिलेंगे, जिनमें देश-विदेश के प्रसिद्ध मंदिरों की झलक नजर आएगी। श्रद्धालु हर साल की तरह इस बार भी खास पंडालों को देखने के लिए उत्सुक हैं। आइए जानते हैं इस बार रांची के कौन से पंडाल किस थीम पर बन रहे हैं और उनमें क्या खास होगा।
रांची रेलवे स्टेशन – तिरुपति बालाजी मंदिर का भव्य स्वरूप

रांची रेलवे स्टेशन पर इस साल आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर का स्वरूप तैयार हो रहा है। यहां 40 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही पंडाल में गूंजती हनुमान चालीसा श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर कर देगी। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से बन रहा यह पंडाल इस वर्ष का बड़ा आकर्षण होगा।
बकरी बाजार – दुनिया का सबसे बड़ा अंकोरवाट मंदिर का रूप

भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार का पूजा पंडाल हर साल भीड़ खींचता है। इस बार यहां कंबोडिया स्थित अंकोरवाट मंदिर का भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा। लगभग 70 लाख रुपये की लागत से 14,400 वर्ग फीट में बन रहा यह पंडाल 110 फीट ऊंचा होगा और अब तक का सबसे बड़ा पूजा पंडाल होने जा रहा है।
मेन रोड – जीवन चक्र पर आधारित थीम

चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति (सर्जना चौक, मेन रोड) हर बार थीम-बेस्ड पंडाल बनाती है। इस साल यहां जीवन चक्र (भ्रूण से मृत्यु तक) पर आधारित पंडाल तैयार हो रहा है। पंडाल के बाहर एक विशाल कलश आकर्षण का केंद्र होगा। लगभग 45 लाख रुपये की लागत से यह पंडाल तैयार हो रहा है।
हरमू – वृंदावन के प्रेम मंदिर की झलक

पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति, हरमू इस बार वृंदावन के प्रेम मंदिर का स्वरूप तैयार कर रही है। पंडाल में भव्य लाइटिंग के जरिये कृष्णा लीला भी दर्शाई जाएगी, जो श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेगी। यहां लगभग 70 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
जिला स्कूल मैदान – स्वामी नारायण मंदिर का भव्य रूप

श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति की ओर से जिला स्कूल मैदान में इस बार गुजरात के भुज स्थित स्वामी नारायण मंदिर का प्रारूप तैयार हो रहा है। साथ ही यहां भगवान विष्णु की 24 फीट ऊंची प्रतिमा भी लगाई जाएगी। लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पंडाल इस बार झारखंड का सबसे बड़ा पूजा पंडाल होगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









