Palamu News: पलामू जिले के मनातू जंगल में रविवार तड़के सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के उग्रवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ छिड़ गई। इस दौरान सुरक्षाबलों ने पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली कमांडर मुखदेव यादव को मार गिराया। घटना की पुष्टि पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने की है।
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ की शुरुआत उस वक्त हुई जब कोबरा और जगुआर के जवानों के साथ सुरक्षाबल की संयुक्त टीम मनातू जंगल में सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए कड़ा प्रतिरोध किया। सुबह से लगातार दोनों ओर से गोलियों की आवाज गूंजती रही।
इस अभियान को खासतौर पर टीएसपीसी के सुप्रीमो और 10 लाख रुपये के इनामी शशिकांत गंझू को पकड़ने के लिए चलाया जा रहा है। इसी संगठन के साथ 3 सितंबर की रात हुई मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद हो गए थे।
घटनास्थल से एक इंसास राइफल और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह अब तक का सबसे बड़ा अभियान है, जिसमें 200 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है।
जानकारी के अनुसार, शशिकांत गंझू का दस्ता 8-10 सदस्यों का है, जिसमें इनामी नक्सली मुखदेव यादव और नगीना भी शामिल थे। फिलहाल सुरक्षा बल शशिकांत गंझू और उसके साथियों की तलाश में जंगल खंगाल रहे हैं।












