कतरास। कोयलांचल की सांस्कृतिक धड़कन रानी बाजार में दुर्गोत्सव की तैयारियां इस बार और भी भव्य रूप ले चुकी हैं। श्री रानी बाजार दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष दिल्ली के प्रसिद्ध श्री लक्ष्मी-नारायण बिड़ला मंदिर की तर्ज पर 115 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा आकर्षक पंडाल तैयार करा रही है। मधु डेकोरेटर के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल के कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को अद्वितीय कलात्मक अनुभव मिल सके।
शिल्पकार दुलाल पाल मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं गढ़ रहे हैं, जिनमें शिल्प और आस्था का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। समिति का नेतृत्व इस बार अध्यक्ष रंजीत रवानी, उपाध्यक्ष बलवीर सिंह, सचिव अभय सिंह, सह-सचिव हरजीत सिंह सलूजा, कोषाध्यक्ष महेश कुमार पासवान और रिंकू अग्रवाल सहित कार्यकारिणी सदस्य संभाल रहे हैं।
पूरे आयोजन का बजट लगभग 15 लाख रखा गया है। पंडाल परिसर में मेले का भी आयोजन होगा जिसमें झूले, फूड कोर्ट, मीना बाजार, आर्टिफिशियल ज्वेलरी शॉप्स और रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा आकर्षण का केंद्र होंगी। यह आयोजन आश्विन पूर्णिमा तक चलेगा और लक्ष्मी पूजा भी विशेष रूप से मनाई जाएगी।
1982 से शुरू हुई इस परंपरा की ख्याति बिहार, झारखंड और बंगाल तक फैली है, जहां से हजारों श्रद्धालु हर वर्ष कतरास पहुंचते हैं।












