Ranchi News: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून का 118 दिनों का सफर सोमवार को समाप्त हो गया। रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस वर्ष राज्य में सामान्य से 23% अधिक वर्षा दर्ज की गई। अब मौसम धीरे-धीरे शुष्क होता जा रहा है, जिससे सुबह और शाम में हल्की ठंड का एहसास होने लगा है।
मानसून ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ा
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून इस साल 17 जून को झारखंड में प्रवेश किया था और 1243.9 मिमी वर्षा हुई, जबकि सामान्य वर्षा 1009.0 मिमी होती है। यह पिछले एक दशक में सर्वाधिक वर्षा है। इससे पहले 2016 में 1101.88 मिमी बारिश हुई थी।
राज्य के 24 जिलों में से:
-
8 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई,
-
15 जिलों में सामान्य वर्षा रही,
-
जबकि 1 जिले में कम वर्षा दर्ज की गई।
पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक 1666.1 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से 52% अधिक है। वहीं, गोड्डा जिले में 18% कम बारिश हुई।
अब मौसम में बदलाव, ठंड का आगाज़
मानसून के विदा होते ही झारखंड में सुबह और देर शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अक्टूबर के अंत तक ठंड बढ़ेगी, खासकर दीवाली और छठ पर्व के दौरान गुलाबी ठंड का एहसास होगा।
मौसम विभाग ने बुजुर्गों और बच्चों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
तापमान अपडेट:
-
रांची: अधिकतम 29.4°C (0.5°C की गिरावट)
-
मेदिनीनगर: 33.6°C
-
जमशेदपुर: 33.8°C
आने वाले 5 दिन: दिन में गर्मी, रात में ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में तापमान में वृद्धि की संभावना है:
-
देवघर, धनबाद, दुमका, गढ़वा: अधिकतम 32-34°C | न्यूनतम 20-22°C
-
पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम: अधिकतम तापमान 32-34°C
-
रांची, हजारीबाग, खूंटी: अधिकतम 29-30°C | न्यूनतम 19°C
दिन के समय हल्की गर्मी बनी रह सकती है, लेकिन रात में ठंड का अनुभव होगा।












