Jharkhand News: रामगढ़ जिले के वेस्ट बोकारो थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात लोगों के लिए डर और मातम लेकर आई। जंगल से भटककर आए जंगली हाथियों के एक झुंड ने अलग–अलग घटनाओं में चार ग्रामीणों की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय हाथियों का झुंड सारूबेड़ा फीडर की ओर बढ़ रहा था। कुछ लोग उत्सुकता में हाथियों के करीब पहुंच गए। इसी दौरान एक युवक हाथी के हमले का शिकार हो गया। रात गहराते ही हाथियों ने रिहायशी इलाके का रुख कर लिया। हाथियों की तेज आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकलकर जान बचाने लगे, लेकिन अफरा-तफरी में दो बुजुर्ग महिलाएं और एक अन्य युवक हाथियों की चपेट में आ गए।
Jharkhand News: आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा काटा मुख्य चौक को जाम कर दिया
घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा काटा मुख्य चौक को जाम कर दिया और वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि हाथियों की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों से दूरी बनाए रखें और सतर्क रहें, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।













