Jharkhand Weather Update: झारखंड में पिछले कई दिनों से ठंड ने गजब का सितम ढ़ाया है। कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी रांची के मैक्लुस्कीगंज में पारा गिरकर -2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसने इस मौसम के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
खूंटी और बोकारो जैसे जिलों में भी लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हो रही है, जिससे सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार थम गई है और विजिबिलिटी कम होने से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। सड़क पर कोहरे ही कोहरे नजर आ रहे हैं।
Jharkhand Weather Update: पलामू और चतरा सहित सात जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू और चतरा सहित सात जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जबकि रांची समेत कई इलाकों में ‘यलो अलर्ट’ लागू है। इस कड़कती ठंड में सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है।
मौसम विभाग की माने तो उत्तर-पश्चिम से आ रही सर्द हवाओं ने पूरे राज्य को ‘कोल्ड रूम’ बना दिया है। हालांकि, अगले दो-तीन दिनों में थोड़ी राहत की उम्मीद है, लेकिन 13 जनवरी से ठंड का दूसरा दौर फिर से दस्तक दे सकता है।













