रांची, 30 अक्टूबर। झारखंड में केंद्र प्रायोजित विकास योजनाओं की प्रगति और उनके जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन परिसर स्थित एनेक्सी भवन सभागार में ‘दिशा’ (DISHA) की राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई। ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं ग्रामीण कार्य मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सांसद, विधायक और समिति के नामित सदस्य शामिल हुए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, VB-GRAMG, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना समेत कई केंद्रीय योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति और उपलब्धियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी।
जनप्रतिनिधियों ने उठाईं जमीनी समस्याएं
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और समिति के गैर-सरकारी सदस्यों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों, तकनीकी बाधाओं और क्षेत्रीय समस्याओं को सामने रखा। इन समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर प्रशासनिक लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि क्षेत्र में जाकर लोगों की समस्याओं को समझें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
नई योजनाओं के प्रस्ताव केंद्र को भेजने का निर्देश
मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा, झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और आजीविका के अवसरों का विस्तार करने के लिए नई योजनाओं की स्वीकृति हासिल करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। मंत्री ने संबंधित विभागों को नए प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने का निर्देश दिया।
बैठक में राजमहल सांसद विजय हांसदा, देवघर विधायक सुरेश पासवान, धनबाद विधायक राज सिन्हा, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, जमुआ विधायक मंजु कुमारी, लोहरदगा के सांसद प्रतिनिधि सीताराम भगत समेत अन्य नामित सदस्य और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








