Hazaribagh News: जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापो खुर्द गांव में देर रात एक तेज रफ्तार वाहन ने अफरा-तफरी मचा दी। गांव की सड़क पर अचानक घुसी स्कॉर्पियो ने कई लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक वाहन तेज गति से गांव के अंदर आया और लोगों को टक्कर मारते हुए एक घर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो पलट गई। इस दर्दनाक घटना में रोहित साव और प्रदीप साव की मौके पर ही जान चली गई।
Hazaribagh News: हादसा या पुरानी रंजिश जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो लोगों का इलाज रिम्स में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को हजारीबाग के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और स्कॉर्पियो को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। बड़कागांव के एसडीपीओ ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह सिर्फ सड़क हादसा था या इसके पीछे किसी पुरानी रंजिश का मामला छिपा है।












