Dhanbad News: डिगवाडीह आउटसोर्सिंग डंप में मिला शव, हत्या की आशंका पर भड़के लोग
Dhanbad(झरिया): जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सोमवार को कांटा घर के पास स्थित आउटसोर्सिंग डंप से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मृतक की पहचान जेलगोड़ा 7 नंबर खपड़ाधौड़ा निवासी 45 वर्षीय गुड़ु शेख के रूप में हुई है। सोमवार सुबह जैसे ही डंप क्षेत्र में शव देखे जाने की खबर फैली, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की प्रबल आशंका जताई है।
पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
घटना से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि इलाके में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग नहीं होती है। सुनसान इलाकों का फायदा उठाकर अपराधी बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था ठप होने के कारण स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
आक्रोशित लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। ग्रामीणों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वे आगे के आंदोलन की रणनीति तय करेंगे।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना पाकर जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय प्रताप दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है।
थाना प्रभारी का बयान
“डंप क्षेत्र से बरामद शव के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला पूरी तरह संदिग्ध लग रहा है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”













