Dhanbad News: धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे बरोरा निवासी रविन्द्र चौहान पर जानलेवा हमला किया गया था। चार बाइक पर सवार करीब आठ युवकों ने माथाबांध मैदान के पास बरोरा-डुमरा मुख्य मार्ग पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में रविन्द्र चौहान घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Dhanbad News: एक देशी पिस्तौल समेत कई सामान बरामद
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर बरोरा थाना में गौरव चौहान, अनीश चौहान, पवन यादव, विशाल चौहान, नीरज उर्फ मोटका सहित तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर नामजद आरोपी अनीश चौहान और विशाल चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।












