Dhanbad : वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी अब्बास उर्फ ‘मेजर’ को धनबाद पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आसनसोल से देर रात उसे धनबाद लाकर जेल भेजा गया, जिसके बाद बुधवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पुलिस को तीन दिनों का रिमांड मंजूर किया है।
सफेदपोश सहयोगियों के नाम आ सकते हैं सामने
धनबाद थाना में कई थानों की पुलिस संयुक्त रूप से उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में प्रिंस खान गैंग से जुड़े बड़े नेटवर्क और कथित सफेदपोश सहयोगियों के नाम सामने आ सकते हैं।
गौरतलब है कि सैफी अब्बास उर्फ ‘मेजर’ को 19 अप्रैल को दुबई से भारत लौटने के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (दमदम एयरपोर्ट) से गिरफ्तार किया गया था। बताया जाता है कि वह गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में था, लेकिन इंटरपोल की मदद से पुलिस ने उसे दबोच लिया। इसके बाद कोलकाता पुलिस ने रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की थी।
आर्म्स एक्ट और रंगदारी समेत करीब 15 मामले दर्ज
जांच एजेंसियों के मुताबिक ‘मेजर’ प्रिंस खान गैंग का राइट हैंड माना जाता है। उस पर व्यापारियों से रंगदारी वसूली, धमकी भरे ऑडियो-वीडियो भेजने और गोलीबारी की कई घटनाओं में शामिल रहने के आरोप हैं।
धनबाद जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और रंगदारी समेत करीब 15 मामले दर्ज हैं, जबकि 25 से अधिक मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है। अब पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान गैंग के पूरे नेटवर्क और उसके आर्थिक-सामाजिक कनेक्शन से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








