Kolkata :West Bengal विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में बुधवार को मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोपहर 3 बजे तक कुल 78.68% मतदान दर्ज किया गया है। Election Commission of India (ECI) ने संकेत दिया है कि दिन समाप्त होने तक यह आंकड़ा करीब 93% तक पहुंच सकता है।
दिनभर बना रहा वोटिंग का जोश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के अधिकारियों के मुताबिक, इस बार एक दिलचस्प ट्रेंड देखने को मिला। आमतौर पर दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच मतदान में गिरावट (लुल पीरियड) देखने को मिलती है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ।
मतदाताओं की लगातार मौजूदगी ने पूरे दिन मतदान की रफ्तार को बनाए रखा। यह आंकड़ा 2024 के लोकसभा चुनाव के इसी समय के औसत 58.5% से काफी ज्यादा है।
जिलेवार मतदान प्रतिशत (3 बजे तक)
राज्य के कई जिलों में मतदान का प्रतिशत काफी ऊंचा रहा:
- पूर्व बर्दवान – 83.11% (सबसे अधिक)
- हुगली – 80.77%
- नादिया – 79.79%
- कोलकाता उत्तर – 78.00%
- हावड़ा – 77.73%
- उत्तर 24 परगना – 77.39%
- दक्षिण 24 परगना – 76.75%
- कोलकाता दक्षिण – 75.38%
विधानसभा सीटों का हाल
- गलसी (पूर्व बर्दवान) – 85.11% (सबसे ज्यादा मतदान)
- महेशतला (दक्षिण 24 परगना) – 70.1% (सबसे कम मतदान)
भवानीपुर सीट पर नजरें टिकी
सबसे चर्चित सीटों में से एक भवानीपुर में दोपहर तक 75.66% मतदान दर्ज हुआ। यहां मुख्यमंत्री Mamata Banerjee और नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के बीच सीधा मुकाबला है।
सुवेंदु अधिकारी पहले ही दावा कर चुके हैं कि अगर मतदान 80% से ज्यादा होता है, तो यह उनकी जीत का संकेत होगा, जबकि 90% के आसपास मतदान उनके जीत के अंतर को और बढ़ा सकता है।
सुरक्षा के बीच शाम 6 बजे तक मतदान
मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। सभी संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और केंद्रीय पर्यवेक्षक पूरे मतदान पर नजर बनाए हुए हैं।









