Dhanbad: मुनीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत संचालित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। ट्रक में स्लरी (कोयला मिश्रित अवशेष) लोडिंग के दौरान अचानक स्लरी धंस जाने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ के जवान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य में जुट गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
मुनीडीह कोल वाशरी हादसे के बाद देर रात मृतकों के परिजनों, मजदूर सरदारों और बीसीसीएल प्रबंधन के बीच अहम वार्ता हुई। लंबी बातचीत के बाद मुआवजे व अन्य सुविधाओं को लेकर सहमति बन गई, जिसके पश्चात धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति
समझौते के तहत बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा प्रत्येक मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये तथा संबंधित ट्रक के डी-ओ (डिलीवरी ऑर्डर) धारक की ओर से भी 10 लाख रुपये देने पर सहमति बनी। इसके अलावा मृतकों के बच्चों को डीएवी स्कूल में नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। वहीं, दाह-संस्कार के लिए प्रत्येक परिवार को 75 हजार रुपये देने की भी सहमति बनी।
सहमति बनने के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया, जिससे क्षेत्र में स्थिति सामान्य हुई।
बताते चले की मुनीडीह वाशरी में सैलरी लोड करने के दौरान घटना होने से चार मजदूरों की दबकर कर मौके पर ही मौत हो गई थी ।








