पश्चिम बंगाल में BJP नेता एवं नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में इस मामले का सिलीगुड़ी कनेक्शन सामने आया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, हत्या के दौरान जिस सफेद रंग की कार का इस्तेमाल किया गया था, उस पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय चंद्रनाथ रथ की कार को रोकने के लिए एक सफेद कार ने ओवरटेक कर रास्ता रोका था। जांच में उस वाहन पर लगा नंबर सिलीगुड़ी के शिवमंदिर निवासी जेम्स विलियम्स के नाम पर दर्ज पाया गया। इसके बाद पुलिस टीम जेम्स विलियम्स के घर पहुंची और पूछताछ के लिए उन्हें माटीगाड़ा थाना ले जाया गया। साथ ही उनकी कार को भी जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि अपराधियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी। पुलिस को आशंका है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी और हमलावर पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे।
OLX विज्ञापन से मिला सुराग
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कुछ महीने पहले जेम्स विलियम्स ने अपनी कार बेचने के लिए OLX पर विज्ञापन दिया था। आशंका जताई जा रही है कि वहीं से अपराधियों ने वाहन का नंबर हासिल किया और उसका इस्तेमाल फर्जी नंबर प्लेट तैयार करने में किया। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी गहराई से जांच कर रही है।
कैसे हुई चंद्रनाथ रथ की हत्या?
गौरतलब है कि बुधवार रात बदमाशों ने BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह वारदात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई।
जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ विधानसभा का काम निपटाकर कार से लौट रहे थे। इसी दौरान मध्यमग्राम के दोहारिया इलाके में एक बिरयानी दुकान के पास उनकी गाड़ी के सामने एक चारपहिया वाहन आकर रुक गया। तभी दो बाइक पर सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और प्वाइंट ब्लैंक रेंज से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
हमले में चंद्रनाथ रथ के सीने और पेट में कई गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत मध्यमग्राम के निजी वीवा सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी जारी है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









