Ranchi: रांची में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय सुधा सिन्हा की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा सह पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ पत्रकारों ने हिस्सा लेकर सुधा सिन्हा के योगदान को याद किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त, बैद्यनाथ मिश्र, श्रीनिवास, अनुज सिन्हा, अजय कुकरेती, समिष्ठा मजुमदार, रजत गुप्ता, दिवाकर प्रसाद, ओम रंजन मालवीय और प्रमोद झा, दिलीप श्रीवास्तव, संजय मिश्र, सुनील सिंह बदल, नवेंदु जी समेत कई पत्रकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बलबीर दत्त ने कहा कि जो इस दुनिया में आया है, उसे एक दिन जाना भी है, लेकिन किसी व्यक्ति को उसके जाने के बाद भी याद किया जाए, तो समझना चाहिए कि वह आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। साथ ही उन्होंने पत्रकारिता के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि करीब 60 वर्ष पहले की पत्रकारिता आज के समय से बिल्कुल अलग थी और उस दौर में सीमित संसाधनों के बीच भी पत्रकारिता पूरी प्रतिबद्धता के साथ की जाती थी।
वहीं बैद्यनाथ ने कहा कि पहले के समय में संसाधनों का काफी अभाव था। एक पत्रिका को छपवाने में 15 दिनों का समय लग जाता था, लेकिन इसके बावजूद पत्रकार अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाते थे।
रोजिन लकड़ा, किश्लेय और कुलदीप सिंह दीपक को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
समारोह के दौरान रोजिन लकड़ा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा कि लोगों के बीच सम्मान पाकर वह खुद को धन्य महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति कुछ करने की ठान ले, तो कोई भी काम मुश्किल नहीं होता।
इसके अलावा किश्लेय और कुलदीप सिंह दीपक को भी लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा आनंद दत्ता, कुमार गौरव और करिश्मा सिन्हा को भी अवॉर्ड दे कर सम्मानित किया गया। समारोह में वक्ताओं ने पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्षता और समाज के प्रति मीडिया की जिम्मेदारियों पर भी अपने विचार रखे।









