Ranchi Crime: झारखंड की राजधानी रांची से एक रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पंडरा ओपी क्षेत्र के विद्यानगर में एक बहू ने अपने ही ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी। यहां एक बहू ने अपने ही ससुर की तकिए से मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी। रिश्तों को कलंकित करने वाली यह घटना अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
शुरुआत में इस घटना को एक सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की गई थी। लेकिन घर में लगे CCTV कैमरे ने कातिल बहू की सारी प्लानिंग पर पानी फेर दिया। फुटेज में महिला को संदिग्ध तरीके से ससुर के कमरे में जाते और वारदात को अंजाम देते हुए साफ देखा गया। इसी सबूत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह?
मामले की सूचना मिलने के बाद पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक कलह मुख्य वजह बताई जा रही है। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि क्या यह हत्या अचानक हुए गुस्से का नतीजा थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश रची गई थी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले के सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा। रिश्तों की गरिमा को तार-तार करने वाली इस घटना ने विद्यानगर इलाके के स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है।









