Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य की हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बड़े आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। किसानों से वादाखिलाफी और बेमौसम बारिश से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर भाजपा आगामी 15 मई से 20 मई तक राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में एकदिवसीय धरना देगी।
वादे बने चुनावी जुमले
आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने चुनाव से पहले किसानों को सुहाने सपने दिखाए थे, जो अब ‘चुनावी जुमला’ साबित हो रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि महागठबंधन ने 3200 रुपये प्रति क्विंटल MSP, मुफ्त बिजली और सस्ते खाद-बीज का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आते ही सरकार इन वादों को भूल गई।
कालाबाजारी और बंद योजनाओं पर सरकार को घेरा
भाजपा अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में यूरिया की भारी कालाबाजारी हो रही है। 266 रुपये की बोरी 800 रुपये तक में बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की ‘मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना’ को बंद करना किसानों की पीठ में छुरा घोंपने जैसा है। पीएम फसल बीमा योजना में भी सरकार द्वारा अड़ंगे लगाए जा रहे हैं।
ओलावृष्टि से टूटी किसानों की कमर: मुआवजे की मांग
हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने रांची समेत कई जिलों में तरबूज, खीरा और सब्जियों की फसल को बर्बाद कर दिया है। साहू ने कहा कि कई किसानों ने कर्ज और गहने गिरवी रखकर खेती की थी। ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों को रौंद दिया है। भाजपा ने सरकार से मांग की है कि तत्काल सर्वेक्षण कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए और क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत के लिए सहायता राशि प्रदान की जाए।








