Ranchi: राजधानी रांची में अपराधियों के बढ़ते हौसले के बीच अरगोड़ा चौक के पास एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। रांची से नालंदा जा रही जीवन ज्योति बस को नो-एंट्री के कारण रोका गया था। इसी दौरान तीन अपराधी बस के पास पहुंचे और दो अपराधी बस में चढ़कर चालक की कनपटी पर हथियार सटा कर रंगदारी मांगने लगे।
हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
जब बस चालक ने विरोध किया तो अपराधियों ने जान मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि चालक बाल-बाल बच गया। घटना के समय पास में मौजूद पुलिस गश्ती दल और ट्रैफिक पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे, जिसके बाद एक अपराधी को हथियार के साथ पकड़ लिया गया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और डीएसपी हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। लगातार छापेमारी के बाद फरार दो अपराधियों और हथियार सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल समेत कई हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन कुमार सोनी, अभिजीत कुमार उर्फ अन्नो सिंह, नितिन पाण्डेय उर्फ अमन और गोलू राम उर्फ गोलू बाल्मोकी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामले में अरगोड़ा थाना में विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कुंदन कुमार का पहले भी हत्या जैसे गंभीर मामले में आपराधिक इतिहास रहा है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








