Ranchi: NEET 2026 पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मामले पर झारखंड प्रदेश राजद ने केंद्र की मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा कि बार-बार NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के पेपर लीक होना केंद्र सरकार की कार्यशैली और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा कि NTA द्वारा आयोजित NEET, JEE Main, UGC NET और CUET जैसी परीक्षाओं में लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि NTA संस्था में भाजपा और संघ विचारधारा से जुड़े लोगों का प्रभाव होने के कारण पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
बार-बार पेपर लीक होना बेहद गंभीर विषय
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में भी NEET परीक्षा के दौरान पेपर लीक का मामला सामने आया था, जिस पर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हुए थे। लेकिन उस समय परीक्षा रद्द नहीं की गई। वहीं 2026 में मामला उजागर होते ही परीक्षा रद्द करनी पड़ी, जिससे सरकार की विफलता सामने आ गई है।
राजद प्रवक्ता ने दावा किया कि देश आर्थिक संकट से गुजर रहा है और NEET जैसी परीक्षा आयोजित करने में हजारों करोड़ रुपये खर्च होते हैं। ऐसे में बार-बार पेपर लीक होना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के पीछे बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है और लाखों रुपये में प्रश्नपत्र बेचे जा रहे हैं।
कैलाश यादव ने मांग की कि NTA को तत्काल भंग किया जाए और संस्था के चेयरमैन सहित पूरे जिम्मेदार तंत्र पर कठोर कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को सार्वजनिक कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









