Ramgarh: रामगढ़ जिले के कुजू और रामगढ़ इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। दामोदर नदी में नहाने गए तीन स्कूली बच्चे तेज बहाव में डूब गए। स्थानीय लोगों की बहादुरी से एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। तीसरे बच्चे की तलाश अभी भी जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक बिजुलिया और किसान नगर के तीन बच्चे घरवालों को बिना बताए गढ़बांध नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक तीनों बच्चे गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर आयुष कुमार तिवारी को बचा लिया।
तीन घंटे बाद मिला एक बच्चे का शव
लापता बच्चों की पहचान प्रिंस कुमार और वैभव कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से वैभव कुमार का शव बरामद किया गया। वहीं प्रिंस कुमार की तलाश जारी है।
प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलने पर रामगढ़ प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पतरातू से गोताखोरों की टीम बुलाई गई है। साथ ही दामोदर नदी का जलस्तर कम करने के लिए पतरातू डैम से छोड़े जा रहे पानी को रोकने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिवारों का रो-रोक र बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और बच्चों को जागरूक करने की मांग की है।








