Ranchi: रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने एक बार फिर रांची और पूरे झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट द्वारा जारी “श्रेष्ठ जिलाधिकारी-2026” सर्वेक्षण में रांची उपायुक्त को देश के सबसे चर्चित और प्रभावशाली जिलाधिकारियों की सूची में शामिल किया गया है। इस प्रतिष्ठित सूची में देशभर के करीब 100 जिलाधिकारियों को स्थान मिला है।
देश के लगभग 800 जिलों में सर्वे
यह सम्मान प्रशासनिक कार्यशैली, विकास कार्य, पारदर्शिता, संकट प्रबंधन, जनसंपर्क और नवाचार जैसे कई अहम मानकों के आधार पर दिया गया है। सर्वे एजेंसियों ने देश के लगभग 800 जिलों में कार्यरत अधिकारियों के कामकाज का अध्ययन किया। इसके बाद ग्राउंड रिपोर्ट, मीडिया विश्लेषण, जनभागीदारी और प्रशासनिक उपलब्धियों के आधार पर चयन किया गया।
रांची DC मंजूनाथ भजन्त्री को खासतौर पर जनहित से जुड़े फैसलों और त्वरित कार्रवाई के लिए सराहा गया है। हाल के दिनों में जनता अदालत के जरिए लोगों की समस्याओं का समाधान, स्कूलों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई और योजनाओं के तेज क्रियान्वयन को लेकर उनकी कार्यशैली चर्चा में रही है।
24 घंटे के भीतर आयुष्मान कार्ड और पेंशन योजना का लाभ
हाल ही में 85 वर्षीय बुजुर्ग को 24 घंटे के भीतर आयुष्मान कार्ड और पेंशन योजना का लाभ दिलाने की पहल ने लोगों का ध्यान खींचा था। प्रशासनिक हलकों में इसे संवेदनशील और जवाबदेह शासन का उदाहरण माना गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि मंजूनाथ भजन्त्री की कार्यशैली ने रांची प्रशासन को नई पहचान दी है। यही कारण है कि वे आज देश के सबसे प्रभावशाली IAS अधिकारियों में गिने जा रहे हैं। यह उपलब्धि झारखंड के प्रशासनिक तंत्र के लिए भी गर्व का विषय बन गई है।









