झारखंड का मौसम: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 18 मई को राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। रांची, गुमला, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, देवघर, दुमका, साहिबगंज और पाकुड़ समेत कई जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज आंधी चल सकती है। इन इलाकों में वज्रपात और तेज बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
झारखंड का मौसम: कई जिलों में लू का भी खतरा
मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और आंधी-बारिश की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं पलामू, गढ़वा और लातेहार में लू चलने की संभावना भी जताई गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।








