झारखंड का मौसम: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार 12 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
झारखंड का मौसम: 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से चलेगी हवाएं
रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत कई जिलों में गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिणी और पूर्वी झारखंड में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
वहीं 13 और 14 मई को भी मौसम सक्रिय रहेगा और कई इलाकों में वज्रपात तथा 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की आशंका है।
झारखंड का मौसम: रांची का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत भी मिले हैं।
पिछले 24 घंटे में डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.7 डिग्री कम है।







