Breaking News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुई है। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अदलीसपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे मैजिक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मैजिक पर सवार सभी 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं।
Breaking News: कई लोग वाहन के अंदर ही फंसे
हादसा इतना भीषण था कि मैजिक वाहन करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार में था और अचानक बेकाबू होकर मैजिक वाहन से जा भिड़ा। टक्कर के बाद कई लोग वाहन के अंदर ही फंस गए, जबकि दो लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया।
Breaking News: ट्रक चालक हादसे के बाद फरार
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जें में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रक चालक हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।








