Deoghar: झारखंड के Deoghar जिले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई। कुंडा थाना के पास चाय दुकान चलाने वाली 60 वर्षीय माला देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का शव उसकी दुकान के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। बदमाशों ने महिला के सिर और चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, फॉरेंसिक टीम समेत नगर थाना और कुंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि हत्या सोमवार देर रात की गई है।
जानकारी के अनुसार मृतका माला देवी मूल रूप से सारवां थाना क्षेत्र के लखोरिया भालूवाही गांव की रहने वाली थी। वर्तमान में वह रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा में घर बनाकर रह रही थी। करीब दो महीने पहले उसने कुंडा थाना के पास चाय की दुकान शुरू की थी और रात में दुकान में ही सोती थी।
बेटी को फोन से मिली हत्या की सूचना
मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने मृतका की बेटी को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दुकान के अंदर और दीवारों पर खून के छींटे दिखाई दिए। महिला की हत्या बेहद नृशंस तरीके से किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पति के फरार होने की चर्चा
घटना के बाद मृतका के पति शिव यादव के फरार होने की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
देवघर-सारठ मुख्य मार्ग पर घटना होने के कारण मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थिति को नियंत्रित रखने और यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को भी तैनात किया गया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








