Giridih: गिरिडीह से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दो दिनों से लापता 11वीं की छात्रा का शव मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित बरगंडा पुराने पुल के पास उसरी नदी से बरामद हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका सिरसिया वार्ड नंबर 12 की रहने वाली थी और पढ़ाई के साथ-साथ सिलाई प्रशिक्षण लेने और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का काम भी करती थी।
कंप्यूटर क्लास और सिलाई केंद्र जाने की बात बोलकर घर से निकली थी
परिजनों के अनुसार युवती सोमवार सुबह रोज की तरह घर से निकली थी। उसने परिवार को बताया था कि वह कंप्यूटर क्लास और सिलाई केंद्र जा रही है। आम दिनों में दोपहर तक लौट आने वाली युवती जब शाम तक घर नहीं पहुंची, तब परिवार की चिंता बढ़ गई।
काफी देर तक घर नहीं आने के बाद जब मां ने फोन किया तो युवती ने कहा कि वह ब्लॉक से निकल रही है और 10 मिनट में घर पहुंच जाएगी। इसके बाद अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
परिवार ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देर शाम पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मोबाइल डिटेल और सहेलियों से पूछताछ की, लेकिन मामला रहस्य बना रहा। बुधवार सुबह बरगंडा पुराने पुल के नीचे नदी किनारे छात्रा का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।








