Dhanbad जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र स्थित बांसजोड़ा बस्ती बुधवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गई, जब ग्रामीणों और आजसू पार्टी समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पथराव और गोलीबारी हुई। इस खूनी संघर्ष में किशन रवानी नामक एक वृद्ध व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल किशन रवानी को आनन-फानन में धनबाद के असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, घटना में हीरालाल महतो और धर्मेंद्र महतो समेत तीन से चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का इलाज एसएनएमएमसीएच में जारी है।
फेसबुक विवाद से बढ़ा तनाव
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से फेसबुक पर राजनीतिक और व्यक्तिगत टिप्पणियों को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। बुधवार को यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
बताया जा रहा है कि आजसू समर्थक आधा दर्जन वाहनों में सवार होकर बांसजोड़ा बस्ती पहुंचे थे। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे, हथियार और पत्थर चलने लगे। इसी दौरान कई राउंड गोलियां भी चलाई गईं।
कई वाहन किए गए क्षतिग्रस्त
घटना के दौरान आक्रोशित लोगों ने आजसू समर्थकों की करीब आधा दर्जन गाड़ियों को निशाना बनाया। उपद्रवियों ने वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में भी तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला।
छावनी में तब्दील हुआ बांसजोड़ा इलाका
हिंसक झड़प के बाद पूरे बांसजोड़ा इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए केंदुआडीह अंचल निरीक्षक जय प्रकाश महतो के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मौके पर केंदुआ थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय, जोगता थाना प्रभारी, लोयाबाद थाना प्रभारी रोहित कुमार, पवन कुमार सिंह, तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी, गोंदुडीह ओपी प्रभारी लव चौधरी, मुनीडीह थाना प्रभारी मनीता कुमारी, सोनारडीह थाना प्रभारी दिलीप पाल और बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार समेत कई अधिकारी कैंप कर रहे हैं।
उपद्रवियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है। कई संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती जारी रहेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








