Dhanbad: लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा बस्ती में बुधवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से गोलीबारी, पथराव और मारपीट शुरू हो गई। घटना में गोली लगने समेत दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई।
जानकारी के अनुसार गोलीबारी में कांग्रेस समर्थक विष्णु प्रमाणिक और किशुन रवानी घायल हुए हैं। वहीं जितेंद्र मेहता नामक युवक को भी गोली लगने की बात कही जा रही है, जिसका इलाज गिरिडीह में चल रहा है। इसके अलावा कई लोगों के सिर फूटने, हाथ टूटने और पत्थर लगने से घायल होने की सूचना है। पथराव में आधा दर्जन से अधिक चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
पांच लोग हिरासत में, पुलिस की पूछताछ जारी
पुलिस ने मौके से सरोज कुमार चंद्रपुरा, अमीत महतो, धर्मेंद्र महतो, मो मेराज और कुंदन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि आजसू नेता रजनी रवानी के समर्थक बाहरी लोगों के साथ बस्ती पहुंचे थे और पूर्व नियोजित तरीके से हमला किया गया। उनका कहना है कि घटना से पहले सोशल मीडिया पर धमकी भरे संदेश भी वायरल किए गए थे।
वहीं रजनी रवानी समर्थकों का कहना है कि वे कोयला चोरी के खिलाफ आवेदन देने के बाद बांसजोड़ा पहुंचे थे, तभी दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने विरोधी पक्ष पर गोलीबारी और बमबाजी का आरोप लगाया है।
ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने बताया कि दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से एक हुंडई i20 कार से लोडेड पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








