Ranchi: रांची जिला प्रशासन ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) 2009 के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए बड़ी पहल की है। वर्ष 2026-27 सत्र के लिए निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन हेतु ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। यह प्रक्रिया अनुमंडल पदाधिकारी रांची की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई गई। ऑनलाइन लॉटरी में निजी विद्यालयों के प्राचार्य, अभिभावक और मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, ताकि प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।
नामांकन के लिए कुल 1499 आवेदन प्राप्त हुए थे
RTE नामांकन के लिए कुल 1499 आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच और सत्यापन के बाद 1036 आवेदन योग्य पाए गए। जिले के 117 मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में उपलब्ध 1158 सीटों के लिए चयन प्रक्रिया चलाई गई। ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से 89 विद्यालयों में कुल 641 बच्चों का चयन किया गया।
चयनित बच्चों को संबंधित निजी विद्यालयों में बिना किसी शुल्क के दाखिला मिलेगा और वे कक्षा आठवीं तक मुफ्त शिक्षा प्राप्त करेंगे। जिला प्रशासन का कहना है कि यह पहल समाज के अंतिम पंक्ति तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की दिशा में अहम कदम है।
इस प्रक्रिया में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने तकनीकी सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर विशेष सतर्कता बरती।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









