Ranchi: प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को राजधानी रांची स्थित नागा बाबा खटाल लोक भवन के पास एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस धरने में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
धरने का मुख्य मुद्दा सोना कारोबारियों और उनसे जुड़े करीब तीन करोड़ लोगों के सामने उत्पन्न बेरोजगारी की समस्या, गैस, पेट्रोल, दूध समेत आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतें तथा नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी और धांधली रहा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही है।
युवाओं का भविष्य और निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Ranchi: कांग्रेस नेतृत्व की प्रतिक्रिया
धरना-प्रदर्शन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाने का काम करेगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और केंद्र सरकार से जनहित के इन ज्वलंत मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।








