Dhanbad: लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा बस्ती में बुधवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प और गोलीबारी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस तथा छह क्षतिग्रस्त चारपहिया वाहन भी बरामद किए हैं।
पुरानी रंजिश को लेकर विवाद
ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि बांसजोड़ा बस्ती में दो पक्षों के बीच मारपीट, पत्थरबाजी और फायरिंग हो रही है। सूचना मिलते ही लोयाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां भारी भीड़ जुटी हुई थी और छह चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हालत में मिले, जिनके शीशे टूटे हुए थे।
जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में किशुन रवानी और विष्णु प्रमाणिक को गोली लगी, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक लाल रंग की कार की ड्राइविंग सीट के नीचे छिपाकर रखा गया एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया। मामले में दोनों पक्षों के आवेदन और पुलिस अधिकारी के बयान के आधार पर लोयाबाद थाना में कुल तीन प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रजनी कुमारी, राजेश कुमार महतो, धर्मेंद्र महतो, मेराज अंसारी और अमीत महतो समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







