Palamu: पलामू के महाराजा पैलेस में शुक्रवार को भाजपा के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026” के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी- आदित्य साहू
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और ऐसे प्रशिक्षण शिविर संगठन को और मजबूत बनाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, सेवा भाव और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को बढ़ाते हैं।
आदित्य साहू ने कहा कि “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026” केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि संगठन की विचारधारा और राष्ट्रसेवा को मजबूत करने का अभियान है। इसके जरिए कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली और जनसेवा के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाती है।
कर्मवीर सिंह ने बताया विचारधारा की ताकत
प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे सत्र में प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विचारों की मजबूती ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय और राष्ट्रसेवा का विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं को जनहित में काम करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता, पूर्व विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, पुष्पा देवी, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









