Dhanbad: बिजली विभाग से जुड़ी आउटसोर्सिंग कंपनी में कार्यरत एक कर्मी की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजनों ने सुरक्षा मानकों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच, मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार वासेपुर निवासी मोहम्मद साजिद बिजली विभाग से जुड़ी आउटसोर्सिंग कंपनी रॉयल इंटरप्राइजजेज़ में मेन-डे वर्कर के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को भूली मोड़ क्षेत्र में बिजली पोल पर कार्य के दौरान अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और पोल से नीचे गिर पड़े।
निष्पक्ष जांच, उचित मुआवजा पर अड़े परिजन
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और सहकर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए जालान अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर मिशन अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों का आरोप है कि काम के दौरान सुरक्षा उपकरण और आवश्यक सावधानियों का सही तरीके से पालन नहीं कराया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई, उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








