Ranchi: रांची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को नगड़ी प्रखंड सह अंचल कार्यालय, नगड़ी थाना तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति और आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
प्रखंड कार्यालय में सफाई और पारदर्शिता पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय भवन की साफ-सफाई पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि सोमवार को कार्यालय खुलने से एक घंटे पहले सभी कर्मचारी सामूहिक रूप से विशेष सफाई अभियान चलाएं।
उन्होंने उपस्थिति पंजी समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की भी जांच की और अधिकारियों को कार्यालय व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
बिचौलियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक
उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यालय परिसर में किसी भी प्रकार के बिचौलियों या मध्यस्थों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने आदिवासी एवं सरकारी जमीनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
नगड़ी थाना में शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
नगड़ी थाना के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से थाना के चक्कर नहीं लगवाए जाने चाहिए और पुलिस-जनता के बीच विश्वास कायम रखने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
आम जनता से सीधे मिले उपायुक्त
निरीक्षण के दौरान मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रखंड कार्यालय पहुंचे आम नागरिकों से भी मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई एवं समाधान के निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगड़ी का भी विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, वार्ड, दवा भंडार, प्रयोगशाला और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर को हमेशा स्वच्छ और हाइजीनिक बनाए रखा जाए तथा कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्वास्थ्य केंद्र के लिए दिए प्रमुख निर्देश
- डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
- आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हमेशा उपलब्ध रखा जाए।
- एक्सपायरी दवाओं की नियमित जांच की जाए।
- गंभीर मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की व्यवस्था मजबूत की जाए।
- मरीजों से किसी भी प्रकार का अनुचित शुल्क न लिया जाए।
- सभी सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएं।
- स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: उपायुक्त
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही का अनुभव कराना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









