रांची: राजधानी रांची की प्रमुख जलधाराओं में शामिल Kanke Dam के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को लेकर रांची नगर निगम (RMC) ने बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम और अंचल प्रशासन की टीम के साथ कांके डैम क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डैम की स्वच्छता, अतिक्रमण, अवैध निर्माण, जल निकासी व्यवस्था और पर्यावरणीय स्थिति का जायजा लिया गया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को कांके डैम के संरक्षण के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स गठित करने का निर्देश दिया। इस टास्क फोर्स में स्वच्छता, नगर निवेश, अभियंत्रण, परिवहन, भू-संपदा शाखा और अंचल कार्यालय की संयुक्त टीम शामिल होगी, जो समन्वित रूप से कार्य करेगी।
प्रदूषण रोकने के लिए होगी विशेष कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को निर्देश दिया कि डैम में सीधे गिरने वाले सभी नालों की पहचान कर उनके प्रवाह को रोका जाए। साथ ही घरों से निकलने वाले गंदे पानी के उचित निस्तारण, सोकपिट निर्माण को बढ़ावा देने और डैम में किसी भी प्रकार के प्रदूषित तरल अपशिष्ट के प्रवाह पर पूरी तरह रोक लगाने की कार्ययोजना तैयार की जाए।
अतिक्रमण की होगी पहचान, अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर
भू-संपदा शाखा और अंचल प्रशासन को कांके डैम के पूरे कैचमेंट क्षेत्र की मापी कर उसकी घेराबंदी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही अतिक्रमण की श्रेणी में आने वाली संरचनाओं की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम को डैम क्षेत्र में संचालित अवैध खटाल, अवैध निर्माण और अवैध बाउंड्री वॉल को तत्काल हटाने का आदेश भी दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जलाशय क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ड्रोन मैपिंग से होगी निगरानी
Kanke Dam के कैचमेंट क्षेत्र की ड्रोन मैपिंग कर प्लॉटवार अतिक्रमण, अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों की पहचान की जाएगी। चिन्हित मामलों में नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा।
जलकुंभी हटाने और सफाई अभियान में आएगी तेजी
नगर निगम ने डैम में फैली जलकुंभी और गाद को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए मशीनों की मदद से नियमित सफाई कराई जाएगी ताकि जलाशय की जलधारण क्षमता और स्वच्छता बनी रहे। डैम के किनारों पर उगी झाड़ियों और घास की भी सफाई की जाएगी।
बनेगा वॉकवे, विकसित होगा पर्यटन स्थल
अभियंत्रण शाखा को पूरे कैचमेंट क्षेत्र में एंड-टू-एंड वॉकवे निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को मॉर्निंग और इवनिंग वॉक की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना तथा कांके डैम को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है।
जलाशयों के संरक्षण पर नगर आयुक्त की चेतावनी
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि जलाशयों की सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल निकायों की अधिग्रहित भूमि की 15 मीटर परिधि के भीतर किसी भी प्रकार के निर्माण की अनुमति नहीं है। ऐसे क्षेत्रों में पाए जाने वाले अतिक्रमण के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
लोगों से की सहयोग की अपील
नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जलाशयों में किसी भी प्रकार का ठोस या तरल कचरा न डालें, अतिक्रमण से बचें और कांके डैम के संरक्षण में सक्रिय सहयोग करें।








