Giridih: गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भरकट्ठा ओपी के केशोडीह पंचायत स्थित सिरमाडीह गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी दिव्यांग पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना में टाइल्स-मार्बल काटने वाली ग्राइंडर मशीन का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
आरोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है, लेकिन परिजनों को इसकी जानकारी अगले दिन रविवार को हुई। सूचना मिलते ही गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद एसडीपीओ सरिया-बगोदर धनंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पति दौलत साव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस केस में मृतका की बहू से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे कई अहम सुराग मिलने की संभावना है।
लंबे समय से चल रहा था पारिवारिक विवाद
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मृतका कुर्सी देवी और उसके पति दौलत साव के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के रिश्ते अच्छे नहीं थे और अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था।
वहीं कुछ ग्रामीण इस मामले को अवैध संबंध से भी जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि हत्या के पीछे के असली कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









