Jamtara News: प्रखंड अंतर्गत गोपालपुर पंचायत के दुतकेवड़ा गांव निवासी स्वर्गीय मनु टुडू (45 वर्ष) की मृत्यु को लेकर भाजपा द्वारा फैलाए गए कथित झूठ और भ्रामक प्रचार का आज ग्रामीणों ने खुलकर पर्दाफाश किया। गांव के पूर्व मुखिया मनोज सोरेन एवं स्थानीय निवासी मिस्त्री किस्कु ने मीडिया के समक्ष पूरी घटना की वास्तविकता बताते हुए भाजपा पर एक मृत व्यक्ति की मौत को राजनीतिक हथियार बनाने का गंभीर आरोप लगाया। मिस्त्री किस्कु ने कहा कि भाजपा द्वारा जो कहानी गढ़ी गई, वह पूरी तरह झूठी, बेबुनियाद और तथ्यों से परे है। उन्होंने बताया कि मनु टुडू स्नान करने जोरिया गए थे। वहां से लौटने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और सांस फूलने लगी। परिजन उन्हें तत्काल घर लेकर आए तथा डॉक्टर को बुलाया गया। डॉक्टर ने शाम लगभग 6 बजे जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि रात लगभग 9 बजे कुछ साजिशकर्ताओं द्वारा जानबूझकर ट्रैक्टर और खटिया की व्यवस्था कर मृतक को अस्पताल ले जाया गया तथा इसके बाद पूरी घटना को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की गई। यह प्रचारित किया गया कि 108 एंबुलेंस को फोन किया गया था और एंबुलेंस नहीं आने के कारण उनकी मौत हुई, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग थी।
ग्रामीणों का कहना है कि एक सुनियोजित रणनीति के तहत इस घटना को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया ताकि स्वास्थ्य विभाग और झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की छवि को धूमिल किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ लोगों ने इस मामले को जानबूझकर राजनीतिक मुद्दा बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया।
पूर्व मुखिया मनोज सोरेन ने कहा कि मनु टुडू की मृत्यु शाम में ही हो चुकी थी, लेकिन भाजपा ने तथ्यों को छिपाकर एंबुलेंस सेवा को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि डॉ. इरफान अंसारी लगातार जनता के बीच रहकर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का काम कर रहे हैं और आम लोगों की हर संभव सहायता कर रहे हैं। ऐसे में उनकी लोकप्रियता और जनसेवा से घबराकर विपक्ष झूठी कहानियां गढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि एक मृत व्यक्ति की मौत पर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय है। जनता अब भाजपा की इस कथित साजिश और राजनीतिक मानसिकता को समझ चुकी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर झूठी अफवाह फैलाने एवं जनता को गुमराह करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का स्पष्ट संदेश है कि झूठ और साजिश की राजनीति अब ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। दुतकेवड़ा की सच्चाई सामने आ चुकी है और भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो गया है।

न्यूज डेस्क राइटर, खबर मन्त्र। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल जगत और वायरल समसामयिक विषयों पर त्वरित और सटीक समाचार संपादन।









