Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को रांची के ओरमांझी स्थित साईं नाथ यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विकसित भारत-2047 के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल ध्येय “विकास और विरासत” है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण इसी सोच का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति के कारण जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी घटनाओं में 98 प्रतिशत और पूर्वोत्तर में उग्रवाद की घटनाओं में 82 प्रतिशत की कमी आई है। साथ ही उन्होंने कहा कि नक्सलवाद पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है, जिसका सकारात्मक असर झारखंड समेत कई राज्यों में देखने को मिल रहा है।
उन्होंने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आईआईटी, एम्स और मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ने से युवाओं के लिए नए अवसर भी पैदा हुए हैं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम से पहले नित्यानंद राय ने रांची के तेतर टोली तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान में भाग लिया, सफाई कर्मियों को सम्मानित किया तथा सीआरपीएफ के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ से शिष्टाचार मुलाकात की और रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर पर आयोजित प्रगति पथ यात्रा में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, शिक्षाविदों और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।









